बिजनौर । अखिल भारतीय मदरसा आधुनिकरण शिक्षक संघ ने शिक्षक दिवस पर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम सदर को आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। पत्र में मदरसा शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की गई है।
शिक्षक दिवस पर मंगलवार को अखिल भारतीय मदरसा आधुनिकरण शिक्षक संघ की बैठक टाउन हाल में जिलाध्यक्ष कमरूददीन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मदरसा शिक्षक नगर पालिका चौराहे, डाकघर चौराहे, रोडवेज बस स्टैंड चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम सदर को सौंपे मांग पत्र में वर्ष 2013-14 से अब तक के बकाया मानदेय का भुगतान कराने, मानदेय के लिए प्रदेश सरकार को बजट की किश्त उपलब्ध कराने, संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा मदरसा शिक्षकों की मांगों को शीघ्र पूरा कराने की आदि मांग की गई है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कमरूददीन, उपाध्यक्ष शाहिद हुसैन, मीडिया प्रभारी इरशाद अली के अलावा कई मदरसा शिक्षक मौजूद रहे।