रेलवे ट्रेक पर युवक और महिला के शव मिले
नगीना (बिजनौर)। एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान नहीं हो सकी। दोनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा है।
जीआरपी थाना प्रभारी बाबी कुमार ने बताया कि एक युवक का शव मुर्शदपुर रेलवे स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर दूरी पर रेलवे ट्रैक के बीच में पड़ा मिला। युवक के पास से उसका आधार कार्ड, यात्रा का टिकट मिला। युवक अंबाला कैंट से शाहजहांपुर जाने के लिए ट्रेन पर सवार हुआ था। उसके परिजनों से टेलीफोन पर वार्ता की गई और घटना के संबंध में जानकारी दी गई। युवक की पहचान जिला सीतापुर के थाना राजकोट के गांव पीतपुर निवासी सीपू पुत्र प्रकाश के रूप में हुई। जीआरपी ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, अधेड़ उम्र की महिला का शव खुशालपुर मठेरी के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत गुप्ता, थाना प्रभारी क्राइम विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से कुछ सिक्के मिले हैं। महिला के हाथ में कलावा बंधा है, उसके सिर में चोट है।