केरोसिन लेकर कलक्ट्रेट पहुंची महिला
बिजनौर। कलक्ट्रेट में केरोसिन की केन लेकर पहुंची महिला ने मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग उठाई। पुलिसकर्मियों और होमगार्ड ने महिला से केन छीन ली। तहसीलदार ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर परिवार को घर भेजा।
बरूकी निवासी सलोचना पत्नी राजकुमार बुधवार दोपहर अपने परिजनों के साथ केरोसिन से भरी केन लेकर कलक्ट्रेट पहुंची। इसका पता चलते ही पुलिस और पीएसी ने उसके हाथ से केन छीन ली। इस बीच परिजन धरने पर बैठ गये। इस बीच तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। महिला ने उन्हें बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके रास्ते पर कब्जा कर लिया है। आरोप लगाया कि विरोध करने पर लेखपाल व कानूनगो ने उसके बेटे से मारपीट करने की कोशिश की। तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। किसी के भी रास्ते पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने गांव वालों को आश्वासन देकर घर भेजा। इस दौरान पूनम, पूजा, केलो, रामकुमार, विपिन, दीवान, अंकुश, निरंजन आदि मौजूद रहे।