पिछले साल की चीनी बिकी नहीं, बढ़ने लगा नया स्टॉक
बिजनौर। पिछले साल चीनी की बंपर पैदावार मिलों के लिए मुसीबत बन गई है। जिले की चीनी मिलों के पास पिछले साल की 16.11 लाख क्विंटल चीनी अब भी गोदामों में रखी है। नया पेराई सत्र शुरू होने के बाद से नया स्टॉक भी मिलों के गोदामों में बढ़ने लगा है। पिछले साल की चीनी को बेचना मिलों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
पिछले साल गन्ने की पैदावार और चीनी के उत्पादन दोनों ने ही रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। जिले की चीनी मिलों में पहली बार दस करोड़ क्विंटल से ज्यादा गन्ने की पेराई की थी। अगैती प्रजाति का गन्ना होने से जिले में चीनी का भी बंपर उत्पादन हुआ था। पिछले साल जिले में 126.43 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ था। जिले की चीनी मिलों के गोदाम चीनी से भर गए और चीनी के दाम धड़ाम हो गए। 350 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकने वाला शीरा एक रुपये प्रति क्विंटल पर ही चीनी मिलों को बेचना पड़ा था। चीनी के दाम भी 2500 रुपये प्रति क्विंटल से भी नीचे गिर गए थे। इसके बाद केंद्र सरकार ने चीनी का न्यूनतम मूल्य 2900 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करते हुए चीनी का कोटा निर्धारित किया था। पिछले साल चीनी का इतना बंपर उत्पादन हुआ था कि अब तक भी मिलों के गोदामों में पिछले साल की चीनी भरी पड़ी है। चीनी बेचने के लिए मिल मालिकों को एड़ी-चोटी के जोर लगाने पड़ रहे हैं। पिछले साल की चीनी बिकी नहीं और नए साल का स्टॉक भी बढ़ने लगा है। हालांकि इस साल गन्ने की पैदावार कम होने से चीनी का उत्पादन पिछले साल से कम होने का अनुमान है। इससे सीजन खत्म होने के कुछ समय बाद चीनी के दामों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
नहीं बढे़ चीनी के दाम, मिलों को हो रहा नुकसान
चीनी के दामों में वर्तमान पेराई सत्र शुरू होने के बाद से करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आया है। नवंबर में चीनी के दाम तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल थे। वर्तमान में चीनी के दाम 3100 रुपये प्रति क्विंटल तक चल रहे हैं। बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह के अनुसार पिछले साल की चीनी अब तक नहीं बिकी है। चीनी के दाम बाजार में काफी कम है। मिलों को चीनी के कारोबार में इस बार भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चीनी मिल 2017 में गन्ना पेराई 2017 में चीनी बची चीनी
धामपुर 223.84 27.12 1.89
स्योहारा 199.54 23.16 2.03
बिलाई 129.95 15.06 1.05
बहादरपुर 112.67 13.79 0.15
बरकातपुर 123.72 14.66 2.96
बुंदकी 117.72 14.41 1.68
चांदपुर 64.86 7.35 1.12
बिजनौर 39.35 4.26 1.44
नजीबाबाद 53.82 6.62 3.78
कुल 1065.47 126.43 16.11
नोट : उक्त आंकड़े गन्ना विभाग से लिए गए हैं। गन्ने और चीनी के आंकड़े लाख क्विंटल में हैं।
वर्तमान पेराई सत्र में बनी चीनी की स्थिति
मिल चीनी
धामपुर 08
स्योहारा 6.31
बिलाई 6.29
बहादरपुर 4.50
बरकातपुर 4.72
बुंदकी 4.53
चांदपुर 1.88
बिजनौर 1.13
नजीबाबाद 2.02
---------------------------
कुल 39.38 लाख क्विंटल
---------------------------