भाकियू का बिजलीघर पर धरना, नारेबाजी
हल्दौर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को लेकर हल्दौर बिजलीघर पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। आक्रोशित किसानों ने मौके पर पहुंचे एक्सईएन को बंधक बनाए रखा। बाद में विद्युत समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन मिलने पर किसान शांत हुए।
भाकियू कार्यकर्ता बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे हल्दौर बिजलीघर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को लेकर एकत्र हुए। किसानों ने मौके पर पहुंचे चांदपुर एक्सईएन राकेश कुमार लाल सिंह को बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। प्रदेश महासचिव ठाकुर राम अवतार सिंह ने कहा कि अधिक विद्युत भार वाले बिजलीघरों को पड़ोस के कम भार वाले बिजलीघर से जोड़ा जाए। गांव जलालपुर हसना और शेरपुर के पूर्व माध्यमिक, प्राथमिक विद्यालय में विद्युत आपूर्ति दी जाए। गांव वाजिदपुर के ग्रामीणों को विद्युत कनेक्शन दिलाने, पैजनियां बिजलीघर में रखे नए पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर को चालू कराने, बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने, क्षेत्र के जर्जर तार बदलवाने आदि समस्याओं को उठाया।
किसान एसडीओ संदीप कुमार को अपने बीच धरने पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। एसडीओ और एक्सईएन ने किसानों को शीघ्र समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान शांत हुए। धरने की अध्यक्षता जसराम सिंह, संचालन जितेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुनील प्रधान, हल्दौर ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद कुमार, धर्मेंद्र राणा, मुनिदेव, इकबाल मलिक, धनवीर सिंह, कुलदीप सिंह, दिनेश कुमार, नरदेव सिंह आदि मौजूद रहे।
बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की मांग
स्योहारा/नूरपुर। किसान यूनियन की मासिक बैठक में जिलाधिकारी से किसानों का बकाया भुगतान दिलाने, आवारा पशुओं को पकड़वाकर गोशाला या वन में छुड़वाने, बिजली के बिलों की बढ़ोतरी को कम करने की मांग की गई। ब्लाक अध्यक्ष पृथ्वी सिंह की अध्यक्षता और चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत के संचालन में आयोजित बैठक में गजराम सिंह, सदीक अहमद, त्रिवेंद्र सिंह, भारत सिंह, कामेंद्र सिंह, संत कुमार, पोखर सिंह, बिरेंद्र सिंह, नृपेंद्र सिंह आदि रहे। नूरपुर में हुए बैठक में किसानों ने मिलों को अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में चलाए जाने, बकाया भुगतान शीघ्र कराए जाने की मांग की। इस संबंध में एक ज्ञापन गन्ना समिति के सचिव को सौंपा। बिजली की बिगड़ी व्यवस्था पर रोष जताते हुए एसडीओ आशीष अग्रवाल को ज्ञापन देकर नलकूप संख्या 97 व 98 की क्रॉस लाइन के ढीले तारों को खींचने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर लाइनों को बदलने की मांग की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण शर्मा, उत्तम सिंह, शीशपाल सिंह, महेश, रमेश सिंह, नागेंद्रपाल सिंह, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।