रजबपुर। डीसीएम ड्राइवर की चालाकी से बदमाश लूट को अंजाम नहीं दे सके। दरअसल ड्राइवर ने 100 डायल की गाड़ी देखकर डीसीएम की चाबी निकालकर बाहर फेंक दी। यह देखकर बदमाश भाग निकले।
शुक्रवार को चालक सुधीर गाजियाबाद से मुरादाबाद का माल अपनी डीसीएम में लाद कर ला रहा था। सुबह साढ़े तीन बजे जैसे ही वह हाईवे पर स्थित शहवाजपुर के पास पहुंचा तो दो महिलाएं खड़ी थी। इनके इशारे पर चालक ने डीसीएम रोक ली। पास में आने पर देखा कि वे दोनों महिलाएं नहीं बल्कि सूट सलवार पहनकर महिला के वेष में बदमाश थे। गाड़ी में सवार होते ही बदमाशों ने लूटपाट करनी चाही। इस पर ड्राइवर ने पास ही में खड़ी 100 डायल की गाड़ी को देख लिया और डीसीएम की चाबी निकालकर बाहर फेंक दी। जिससे गाडी बंद हो गई। दोनों बदमाश मौका पाकर भाग गए। चालक बिना किसी कानूनी कार्रवाई किए ही मुरादाबाद के लिये चला गया।