जल की बचत के लिए चलाएं जागरूकता अभियान: डीएम
बिजनौर। जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि 16 जुलाई से 22 जुलाई को भू-जल सप्ताह मनाया जाए। इसके माध्यम से सबको जागरूक किया जाए कि पानी का स्तर दिन प्रतिदिन नीचे गिरता जा रहा है और यह स्थिति चिंताजनक है।
डीएम ने जिला भूमि संरक्षण अधिकारी को निर्देश दिए कि पानी का दिन-प्रतिदिन गिरता स्तर बहुत बडी समस्या का कारण बन सकता है। इसका निस्तारण करना जन मानस के लिए नामुमकिन होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जन जागरण अभियान चलाना जरूरी है। इस के लिए स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा जन जागरण रैली, विचार गोष्ठी के माध्यम से जन मानस को अवगत कराये कि पानी के अधिक दोहन से परेशानियां उत्पन्न होंगी, और मानव जाति को पीने के लिए स्वच्छ पानी नही मिल पाएगा। हमें पानी की बचत करके चलना है नहीं तो आने वाली आगामी पीढी को हिसाब देना होगा। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि स्योहारा, नूरपुर, जलीलपुर, नहटौर ब्लॉक की स्थिति अधिक खराब है इस के लिए हमे ये ध्यान देना होगा कि और ब्लॉक में इस प्रकार की स्थित न हो इसके लिए कम से कम जल का दोहन करे। इस दौरान कई अधिकारी मौजूद रहे।