अफजलगढ़। भाजपा सरकार में भूमाफिया के हौसलेे इतने बुलंद होते जा रहे हैं कि पालिका, पुलिस की सख्ती के बाद भी पालिका की जमीन पर भराव कर कब्जे का प्रयास शुरू कर दिया। ईओ की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भराव रुकवा दिया। ईओ ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर जमीन पर यथा स्थिति बनाए रखने की सिफारिश की है।
शनिवार रात एक बार फिर से भूमाफिया ने नचना नदी के किनारे खाली पड़ी भूमि पर अवैध ढंग से भराव शुरू कर दिया। ईओ ने रात में कोतवाल को तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर भूमि पर कब्जा रुकवाने की मांग की। ईओ का कहना है कि भूमि का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट ने जमीन पर यथा स्थिति के आदेश दे रखे हैं। एक सप्ताह पहले भी भूूमाफिया ने कब्जे की कोशिश की थी। लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही भूमाफिया फरार हो गए थे। उधर, प्रभारी कोतवाल गंगाराम गंगवार का कहना है कि जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। ईओ की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई होगी।