छह लेन होगा हाईवे, एनएचएआई ने शुरू की जगह की पैमाइश
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा/जोया।
एक बार फिर जोया वासियों की धड़कनें तेज होने लगी हैं। फोरलेन की बजाय अब दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को छह लेन बनाने की कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों ने शुरू कर दी है। छहलेन के रास्ते के लिए वह आठलेन की जमीन अधिग्रहण की तैयारी में जुटे हैं। इससे कस्बे की करीब दो सौ दुकानें व कई मकानों का टूटना पक्का माना जा रहा है। बेचैन नागरिकों ने एनएचएआई के अफसरों से मुलाकात की है। न सुनवाई होने पर उच्चाधिकारियों व अदालत की शरण लेने को कहा है।
दिल्ली से मुरादाबाद तक छहलेन हाईवे दो हिस्सों में बनाया जा रहा है। इसमें पहले दिल्ली से हापुड़ तक बनेगा और उसके बाद हापुड़ से मुरादाबाद। चूंकि छहलेन हाईवे के लिए करीब आठलेन की जगह अधिग्रहण करने की कार्रवाई अधिकारियों द्वारा करने का निर्णय लिया गया है। इससे हाईवे किनारे स्थित सैकड़ों दुकानों व मकानों का टूटना लाजमी है। जब से एनएचएआई के अधिकारियों ने हाईवे की नापजोख का काम शुरू किया है हाईवे किनारे बसे लोगों की धड़कने तेज हो गई हैं। दुकानदारों ने इस बार आंदोलन चलाने व कानूनी सहायता लेने का फैसला लिया है। सोमवार को कस्बे से विजयवीर, सुभाष गुप्ता, सफदर अली, मदन सिंह, असगर अली, मोबीन अहमद, संजीव तोमर आदि नागरिकों ने मुरादाबाद में एनएचएआई अफसरों से मुलाकात की और उनको समस्या गिनाते हुए दुकानों व मकानों को बख्शने की गुहार लगाई। अफसरों ने मसले में उनको ठोस जवाब नहीं दिया है।
- हाईवे का चौड़ीकरण होगा। चार की जगह उसको छह लेन बनाया जाएगा। इसलिए जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके दायरे में यदि कोई भी दुकान, मकान या अन्य इमारत आ रही है तो उसको तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। तेजी से काम को अंजाम तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है।
- योगेश कुमार, चीफ इंजीनियर एनएचएआई।