मंडावर। गांव दयालवाला में शराब की दुकान के विरोध में महिलाएं खुद ही उतर आई हैं। महिलाओं ने शराब की दुकान के बाहर प्रदर्शन करते हुए ताला जड़ दिया और धरना देकर बैठ गईं। पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को शांत किया। महिलाओं ने दुकान को बंद कराने के लिए शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है। ऐसा न होने आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव दयालवाला की महिलाएं गांव में एक ही दुकान में हो रही अंग्रेजी व देशी शराब की बिक्री के खिलाफ हैं। दुकान को बंद कराने के लिए वे कई बार अधिकारियों से गुहार कर चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को महिलाओं ने शराब की दुकान के खिलाफ खुद ही मोर्चा खोल दिया। दोपहर करीब 12 बजे महिलाएं एकत्र होकर शराब की दुकान के पास पहुंची। उन्होंने ठेकेदार व सेल्समैन को बाहर निकालकर दुकान पर ताला जड़ दिया और दुकान के बाहर धरना देकर बैठ गईं। महिलाओं ने किसी भी कीमत पर गांव में शराब की दुकान न चलने देने की बात कही। शाम करीब पांच बजे पुलिस टीम के साथ पहुंचे दरोगा धर्मेंद्र गोस्वामी ने महिलाओं का धरना किसी तरह खत्म कराया। इस दौरान दयावती देवी, मिथलेश, मुन्नी, अनीता, कमला देवी आदि महिलाएं मौजूद रहीं।
रोष जताया
बिजनौर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर सपाइयों ने रोष जताया और योगी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में युवजन सभा जिलाध्यक्ष आरिफ कुरैशी ने कहा कि सपाई ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर ऐसा ही होता रहा सपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। इस दौरान शमशाद अंसारी, बलवीर सैनी, सुहैल बाकर, सुमित वर्मा, अहतशाम अंसारी, दिलशाद अंसारी, सुरेश कश्यप आदि मौजूद रहे।