सिक्के मिलने के बाद पुल निर्माण कार्य रुका, पुरातत्व विभाग करेगा जांच
अमर उजाला ब्यूरो
जोया।
ब्रिटिश काल के चांदी के सिक्के मिलने के बाद डिडौली कोतवाली पुलिस ने पुल के निर्माण का कार्य बंद करा दिया है। डीएम के आदेश पर पुलिस हरकत में आई है। बुधवार को खुदाई के दौरान पुलिस को तीन सिक्के मिले हैं। मामले से पुरातत्व विभाग को अवगत करा दिया है। वहां से आने वाली टीम की जांच के बाद ही मसले में अगली कार्रवाई की जाएगी।
अधर में अटके बुढ़नपुर पुल का निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा कई साल बाद चालू कराया गया है। गत मंगलवार को खुदाई के दौरान दो घड़ों में भरे ब्रिटिश काल के चांदी के सिक्के निकले थे। जिन पर ईस्ट इंडिया कंपनी के अलावा विक्टोरिया क्वीन का चित्र अंकित था। इन सिक्कों को ग्रामीण व मजदूर लूटकर ले गए थे। करीब छह किलोग्राम चांदी के सिक्के होने का दावा किया गया है। आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस को मौके पर कुछ नहीं मिला था, लेकिन ये बात पूरे इलाके में फैल गई थी।
प्रशासनिक अफसरों के कानों तक पहुंच गई थी। डीएम ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा था। कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर ही खुदाई का कार्य रुकवाया है। पुरातत्व विभाग को सिक्के मिलने की खबर कर दी गई है। वहां से आने वाली टीम की जांच पड़ताल के बाद ही निर्माण का काम दोबारा से चालू कराया जाएगा। पुलिस कर्मियों को खुदाई के दौरान तीन सिक्के मिले हैं। जिन्हें सरकारी खजाने में जमा करा दिया गया है। जो ग्रामीण सिक्के लूटकर ले गए हैं उनसे रिकवरी के लिए योजना बनाई जा रही है।