‘विकास नहीं कराना तो गांव को गोद क्यों लिया’
गजरौलाशिव। भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह के गोद लिए गांव स्वाहेड़ी बुजुर्ग में सुपोषण मेले, खुली बैठक में ग्रामीणों ने सांसद पर गांव में विकास कार्य न करने का आरोप लगाया। अधिकारियों के सामने ही सांसद से कहा कि गांव में कुछ काम नहीं कराना तो गांव गोद क्यों लिया। गांव वालों को शांत करने के लिए सांसद ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया।
सोमवार को सांसद भारतेंद्र सिंह, डीएम अटल कुमार राय की अध्यक्षता में प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक हुई। डीएम अटल कुमार राय सहित सभी विभागों के अधिकारी बैठक में मौजूद थे। बैठक में ग्रामीणों ने सांसद पर गांव में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया। कहा कि विकास के नाम पर केवल 10 सोलर लाइट ही सांसद ने गांव में लगवाई हैं। एक भी सड़क सांसद निधि या किसी अन्य योजना से नहीं बनाई गई है। गांव में विकास का सारा कार्य केवल ग्राम प्रधान निधि से ही हो रहा है। गांव में अब भी कई परिवारों के कच्चे मकान हैं। इन परिवारों को किसी भी योजना में पक्का मकान नहीं दिया गया है। अब भी कई रास्तों पर खड़ंजा ही बिछा है। गांव में नया बनाया गया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शोपीस बना है, यहां किसी की नियुक्ति नहीं की गई। पुराने अस्पताल में ही इलाज किया जा रहा है। वहां भी बिजली, पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
पुराने अस्पताल में नियमित रूप से चिकित्सक भी नहीं आते हैं। पानी की निकासी की समस्या अब तक दूर नहीं की गई है। गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है। ग्राम प्रधान रामबहादुर सिंह ने सांसद को 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। सांसद ने कहा कि वे गांव को निखारने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। गांव में जल्दी ही केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। उन्होंने बैंकों में चल रही ऋण, अन्य विकास योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की योजनाओं का लाभ पात्रों को ही दिया जाएगा। योजनाओं में क्रियान्वयन में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुपोषण मेले के अंतर्गत सांसद के लिए गोद लिए गांव में दस बच्चे अतिकुपोषित मिले। सांसद ने कहा कि गांव में बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बच्चों व महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया।