बीएसए नहीं मानते शासन का आदेश
बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग में शासन के आदेश कोई मायने नहीं रखते। बीएसए ने एक बीईओ के तबादले को एक महीना बीतने के बाद भी रिलीव नहीं किया है। बीईओ तबादला रुकवाने के लिए लखनऊ के चक्कर लगा रहे हैं। जबकि बीईओ की जिले में नियुक्ति दस वर्ष से अधिक की हो गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग में दोहरी नीति अपनाई जाती है। शिक्षकों को छोटी सी बात पर बड़ी सजा दी जाती है। जबकि शिक्षा विभाग के अफसर शासन के आदेश को भी ठेंगा दिखा देते हैं। ऐसा ही खंड शिक्षा अधिकारी के तबादले में हो रहा है। शासन ने विकास क्षेत्र हल्दौर के खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा का तबादला करीब एक महीने पहले किया था। उनका तबादला सहारनपुर जनपद के लिए किया गया था। प्रमोद कुमार शर्मा को जिले में तैनात हुए 10 वर्ष से अधिक बीत गए हैं। शासन ने जिन अधिकारियों को एक जनपद में 10 वर्ष से अधिक तैनात हुए हो गए हैं, उनके तबादले किए थे। पर बीएसए ने उन्हें रिलीव नहीं किया है। बीईओ भी शासन स्तर पर तबादला रुकवाने में लगे हैं। जबकि जनपद सहारनपुर से खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार कौशिक का तबादला बिजनौर के लिए हुआ था। प्रदीप कुमार कौशिक ने बीएसए कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। प्रयास के बाद भी बीएसए से बात नहीं हो सकी