बिजली की बढ़ी दरों के विरोध में करेंगे आंदोलन
बिजनौर। रालोद की बैठक में बिजली की बढ़ी दरों को वापस कराने की मांग तथा जन समस्याओं का निस्तारण कराने को लेकर तीन मई को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
रालोद कार्यालय पर आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव राजेंद्र सिंह चिकारा ने कहा कि बिजली की दरों में वृद्धि होने से किसान व आम जन परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी तीन मई को प्रदेश में बिजली की बढ़ी दरों को वापस कराने व जन समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी। साथ ही बैठक में तय किया गया कि नूरपुर विधान सभा के उप चुनाव के मद्देनजर पार्टी मई के दूसरे सप्ताह में नूरपुर में एक सभा आयोजित करेगी। जिसमें पूर्व सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। अन्य वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार करने पर जोर दिया। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव मुंशीराम पाल, पूर्व विधायक सुखबीर सिंह, प्रदेश महासचिव चौधरी ब्रजवीर सिंह, पूर्व कमिश्नर एस के वर्मा, राहुल सिंह, राजपाल सिंह, मनोज सिरोही, यादराम चंदेल, चरण सिंह त्यागी, बलबीर सिंह आदि ने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता अशोक चौधरी, संचालन मुफीज आलम उर्फ गुड्डू ने किया।