हल्दौर। गांव सुल्तानपुर के जंगल में आकियू ने क्षेत्र में हुई चकबंदी में गड़बड़ी पाए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित किसानों ने मामले का जायजा लेने पहुंची एसओसी व विभागीय टीम का घेराव कर हंगामा किया। अपने बीच बैठा लिया। एसओसी ने किसानों का उनकी समस्या का समाधान जिला कार्यालय में करने का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना समाप्त हुआ।
आजाद किसान यूनियन व क्षेत्र के कुछ किसानों ने एक दिन पूर्व बिजनौर पहुंचकर जिलाधिकारी से क्षेत्र में हुई चकबंदी में गड़बड़ी करने की शिकायतीपत्र देकर की थी। इसके बाद आकियू के जिला उपाध्यक्ष मूला सिंह फौजी की अगुवाई में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे क्षेत्र के अनेक किसान अपने चक व्यवस्थित ढंग से कराने की मांग को लेकर गांव सुल्तानपुर के जंगल में धरने पर बैठ गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसओसी मेघ वर्ण चकबंदी विभाग की टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। आक्रोशित किसानों ने एसओसी व विभागीय टीम का घेराव किया। उन्हें अपने बीच धरने में बैठा लिया। धरने में संगठन के नेता मूला सिंह फौजी ने कहा कि चकबंदी की पुन: जांच कराई जाए। चकबंदी अधिकारियों ने रिश्वत लेकर मनमाने ढंग से चकों को व्यवस्थित कर दिया है। किसानों के चक मानक के अनुरूप नहीं लगाए गए हैं। चकबंदी में अव्यवस्थित चकों के काटे जाने से किसान परेशान है। मामले को तूल पकड़ता देख एसओसी ने किसानों को जिला कार्यालय पहुंचकर उनकी शिकायतों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना समाप्त हुआ। धरने की अध्यक्षता अशोक कुमार व संचालन नरेंद्र सिंह ने किया। धरने में राजकुमार सिंह, फूल सिंह, रामेश कुमार, गंभीर सिंह, घसीटा सिंह, पवन कुमार, किशोर कुमार, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।