बिजनौर। बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए डाक विभाग ने पहल करते हुए गांव धर्मनगरी को गोद लिया है। डाक विभाग ने सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत सुपात्र कन्याओं के खाते खोलने शुरूकर दिए हैं। अभी तक इस गांव में बेटियों 11 के खाते खोल दिए गए हैं। इस योजना के तहत डाक विभाग ने इस गांव की कन्याओं के शत-प्रतिशत खाते खोलने का बीड़ा उठाया है।
लिंगानुपात में संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत की है। केंद्र सरकार की ये पहल अब एक विशाल आंदोलन का रूप ले चुकी है। डाक विभाग ने भी इसे धार देने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना की पहल की थी। इस योजना का सभी सुपात्र कन्याओं को लाभ मिले और माता-पिता को अपनी लाडली बिटिया की शिक्षा और उनके हाथ पीले करने में कोई कठिनाई न आए। डाक विभाग ने इस योजना को सफल बनाने के लिए समीपवर्ती ग्राम धर्मनगरी को गोद लिया है। इसके अंतर्गत गांव में निवास करने वाली दस साल तक की हर कन्या का खाता खोलने का निश्चय किया। इसकी शुरुआत भी हो चुकी अब तक 11 कन्याओं के बुधवार तक खाते खोले भी जा चुके हैं। इस योजना को सफल बनाने के लिए डाक अधीक्षक ने धर्मनगरी डाकघर के शाखा पोस्टमास्टर जयप्रकाश और ग्राम प्रधान क्रांति देवी को साथ लेकर गांव में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया और लोगों से अपनी शून्य से लेकर दस वर्ष तक की बेटियों के खाते खोलकर उनका भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।
ये हैं योजना
इस योजना के तहत माता-पिता अपनी दस साल तक की बेटियों के खाते खुलवा सकते हैं। एक साल में अधिकतम 12 एंट्री होने पर न्यूनतम एक हजार से डेढ़ लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। इस राशि पर 8.1 प्रतिशत की दर से वार्षिक ब्याज दिया जाएगा। इस खाते में अधिकतम 14 साल तक रुपये जमा करने होंगे। खाता खुलने के 21 साल बाद या फिर कन्या के विवाह के बाद डाकघर में आवेदन करने पर खाता स्वयं बंद हो जाएगा और जमा राशि कन्या के खाते में आ जाएगी। यह राशि और ब्याज आदि कर मुक्त रहेंगे। अगर माता-पिता अपनी एक बेटी के 14 साल तक हर महीने एक हजार रुपये जमा करते हैं तो 14 साल में कुल एक लाख 68 हजार रुपये जमा होंगे। डाक अधीक्षक एके त्रिपाठी के अनुसार इसकी परिपक्वता राशि छह लाख 41 हजार 92 रुपये मिलेगी। उन्होंने बताया कि ये तो शुरुआत मात्र है भविष्य में इसके लिए कार्य जारी रहेगा।
शाखा पोस्टमास्टर और ग्राम प्रधान होंगे सम्मानित
इस योजना के अंतर्गत गांव धर्मनगरी में शत-प्रतिशत खाते खुलने पर डाक विभाग की ओर से ग्राम प्रधान और शाखा पोस्टमास्टर को सम्मानित किया जाएगा।
महिला ग्राम प्रधान ले रही हैं रुचि
धर्मनगरी की ग्राम प्रधान क्रांति देवी ने बताया कि एक महिला होने के नाते वह आने वाली पीढ़ी विशेषकर लड़कियों के कल को बचाने के लिए काफी दिनों से कार्य कर रही हैं। बेटियों के लिए वह समय-समय पर हर तरह से सहयोग करने को तैयार है।