मंडावर (ब्यूरो) । गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली की साइड लगने से सामने से आ रही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे चालक करीब दो घंटे तक फंसा रहा। राहगीरों ने घायल चालक को कड़ी मशक्कत कर किसी तरह निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली शहर के मोहल्ला मिर्दगान निवासी अफजाल सोमवार शाम को अपना ट्रैक्टर ट्राली लेकर मंडावर से बिजनौर आ रहा था। रास्ते में सामने से आ रहे गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राले की साइड लगने से अफजाल का ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दूसरे ट्रैक्टर का चालक वहां से वाहन सहित फरार हो गया। गड्ढे में अफजाल का ट्रैक्टर उलटा हो गया और वह सीट के नीचे बुरी तरह फंस गया और चोटिल हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीर अफजाल की मदद के लिए रुक गए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह राहगीरों ने अफजाल को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और उसके परिजनों को सूचना दी। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मंगलवार को अफजाल का ट्रैक्टर ट्राली को क्रेन से निकलवाया गया।