अफजलगढ़/रेहड़। बृहस्पतिवार रुक-रुक हो रही तेज बारिश से नगर में जलभराव की समस्या हो गई। कई मोहल्लों में नचना नदी का पानी घुस आया। जामा मस्जिद के पास पानी भरने से नमाजियों को परेशानी झेलनी पड़ी। घरों में पानी भरने से नागरिकों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा।
बारिश से नगर के कई मोहल्लों में पानी भर गया है। लोगों का कहना है कि जामा मस्जिद के पास पानी भर जाने से नमाज अदा करने में परेशानी हुई। मोहल्ला चिरंजीलाल, गौहरअली खां में भी जलभराव की समस्या रही। इन मोहल्लों के अधिकांश घरों में पानी भर गया। नागरिकों को परेशानी से जूझना पड़ा। जलभराव के चलते दुकानदारों को दुकान के बाहर रखे सामान को अंदर रखना पड़ा। उधर, गांव भज्जावाला, अलियारपुर, आसफाबादचमन, माननगर, शाहपुरजमाल में गांव के भीतर पानी घुस आया। किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। खेतों में पानी भर जाने से पशुचारे की किल्लत हो गई। गांव कासमपुरगढ़ी व त्रिलोकपुर में भी गांव के रास्तों पर बारिश से कीचड़ पसर गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश रास्ते बदहाल हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी प्रधान मार्गों की हालत नहीं सुधार रहा। ग्रामीणों ने सीडीओ से जांच कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।