सर्राफा बाजार में खरीदारी को कम ही लोग पहुंचे, इलेक्ट्रानिक्स आइटम की बिक्री भी प्रभावित हुई
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
देश की कर व्यवस्था में बदलाव आते ही पहले दिन ही वस्तुओं की बिक्री पर असर पड़ा है। सर्राफा बाजार से लेकर इलेक्ट्रानिक्स आईटम की बिक्री प्रभावित हुई। लोग उत्पाद महंगे होने की वजह से खरीदारी को नहीं निकले। अधिकांश जीएसटी को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति में हैं। वहीं जीएसटी बिल बुक अभी तक व्यापारियों के पास नहीं पहुंची है। व्यापारियों का कहना है जीएसटी को समझने में अभी वक्त लगेगा। इससे व्यापारियों की परेशानी तो बढ़ेंगी ही साथ ही उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार पड़ेगी। आने वाले दिनों में जीएसटी अपना असर दिखाएगी।
एक जुलाई से जीएसटी टैक्स व्यवस्था लागू हो गई है। लेकिन इसको लेकर अभी तक सही स्थिति व्यापारी से लेकर लोगों के दिमाग में क्लीयर नहीं हुई है। भ्रम की स्थिति बनी हुई है। जीएसटी के तहत कैसे वस्तुओं की बिक्री होगी। बिल व्यवस्था क्या होगी। इसके बारे में अभी तक कोई सही जानकारी नहीं दे पाया है। जीएसटी के पहले दिन ही बाजार में खरीदारी पर असर पड़ा है। सबसे अधिक इलेक्ट्रानिक आईटम, सर्राफ बाजार पर असर देखा गया।
जूते-चप्पलों पर दो माह बाद मिलेगी छूट
शूज हाउस स्वामी अशोक कुमार ने बताया कि जीएसटी के लागू होने से जूते-चप्पलों की बिक्री पर अभी असर नहीं पड़ेगा। दो माह बाद इसकी बिक्री पर असर पड़ेगा। क्योंकि दो माह बाद जो कंपनी के माल पर छूट दी जाती थी वह अब नहीं मिलेगा। कंपनी अपने उत्पाद रेट कम कर बाजार में बेचा जाएगा। बिल बुक भी अभी प्राप्त नहीं हुई हैं। जीएसटी को लेकर अभी तक सही गाइड लाइन प्राप्त नहीं हैं। जीएसटी के लागू होने से छोटे व्यापारियों की परेशानियां बढ़ जाएंगी। जीएसटी में पंजीकरण आदि करना पड़ेगा।
जीएसटी को लेकर अभी भी संशय बरकरार
किराना स्टोर स्वामी आदर्श कुमार का कहना है जीएसटी के लागू होने से अभी कुछ नहीं बदला है जो पहले जैसा था, आज भी वैसा ही है। क्योंकि जीएसटी को लेकर अभी तक पूर्ण जानकारी व्यापारियों को नहीं मिल सकी हैं। न ही बिल बुक प्राप्त हुई हैं। खरीदारी पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। आने वाले दिनों में जरुर इसका बिक्री पर असर पड़ेगा।
जीएसटी लागू होते ही सर्राफा बाजार में छाई उदासी
सर्राफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी कर प्रणाली लागू होते ही सर्राफा बाजार से ग्राहक गायब हो गए हैं। खरीदारी पर सबसे अधिक असर पड़ा है। क्योंकि सर्राफा कारोबार पर एक प्रतिशत से टैक्स बढ़ाकर तीन प्रतिशत कर दिया गया है। इसका असर खरीदारी पर पड़ेगा। इसी लिए लोग सोने चांदी की खरीदारी को नहीं निकले हैं। साथ ही व्यापारियों की मुश्किले भी जीएसटी बिल ने बढ़ा दी हैं। कागजी कार्रवाई बढ़ जाएगी।
इलेक्ट्रानिक आईटम खरीदना हो जाएगा महंगा
केके इलेक्ट्रानिक्स स्वामी अमर प्रीत ने बताया कि जीएसटी लागू होने से इलेक्ट्रानिक्स आईटम पर टैक्स 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 प्रतिशत हो जाएगा। इसका असर खरीदारी पर पड़ेगा। जल्द ही कंपनी सभी उत्पाद के दामों में वृद्धि करने वाली है। इसका असर खरीदार पर पड़ेगा। पहले दिन से ही लोग इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम की खरीदारी करने कम निकले हैं। साथ ही जीएसटी को लेकर अभी तक पूर्ण जानकारी नहीं है। लोगों में जीएसटी को लेकर कंप्यूजन बना हुआ है।