हिंदू संगठनों ने आजम खां का पुतला फूंका
बिजनौर। कश्मीर में तैनात सैनिकों के बारे में सपा नेता आजम खां द्वारा अशोभनीय टिप्पणी करने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेता भड़क उठे। नगर पालिका चौक पर आजम खां का पुतला फूंका। इसके बाद आजम खां के खिलाफ राष्ट्रद्रोह की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर एसपी सिटी कार्यालय में धरना दिया।
बृहस्पतिवार को विहिप और बजरंग दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका चौक पर आजम खां के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और राष्ट्रद्रोह की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। इसके बाद दोनों संगठनों के नेता और कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी सिटी रामधारी चौरसिया से आजम खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के रिपोर्ट दर्ज कराने से मना करने पर दोनों संगठनों के नेता और कार्यकर्ता कार्यालय में ही धरना देकर बैठ गए। नेताओं ने आरोप लगाया कि अब भी अफसरों की मानसिकता नहीं बदली है। सपा के राज जैसा अफसर व्यवहार कर रहे हैं। एसपी सिटी ने आला अफसरों से वार्ता की । धरना दे रहे नेताओं को शाम पांच बजे तक चादंपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ही धरना खत्म किया गया।
इस मौके पर विहिप के प्रदेश धर्म प्रचार मंत्री अनिल पांडे, कपिल चौधरी, संजीव बंसल काके, जिला मंत्री जितेंद्र चौधरी, बजरंग दल के जिला संयोजक कैलाश उपाध्याय, अनिल चौधरी, अमित राणा, मयंक मयूर मौजूद रहे।