नजीबाबाद (बिजनौर) (ब्यूरो)। अगर आप देर रात रोडवेज बस में सफर कर रहे हैं, तो जरा सतर्क रहिये। दरअसल रोडवेज चालकों ने बुलंदशहर सहित कई जगह बाईपास मार्गों पर हुईं सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की घटनाओं से सबक नहीं लिया है। हरिद्वार-मुरादाबाद के बीच चलने वाली अधिकांश रोडवेज बसों में सफर करने वाले नजीबाबाद के यात्रियों को रोडवेज बसों से सुनसान बाईपास मार्गों पर उतारा जा रहा है।
नजीबाबाद क्षेत्र में गतवर्षों में रेलवे क्रॉसिंगों पर फ्लाईओवर निर्माण के साथ-साथ बाईपास मार्ग भी डेवलप हुए। डबल फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते भारी वाहनों का शहर के बीच आवागमन प्रतिबंधित किया गया, मगर रोडवेज बस चालकों ने सभी नियमों और निर्देशों को ताक पर रख दिया है। दरअसल दिन में जब नगर क्षेत्र के मालगोदाम तिराहा, कृष्णा टाकीज चौराहा, मोटाआम क्षेत्र में खासी चहल-पहल रहती है, तब हरिद्वार-मुरादाबाद के बीच संचालित रोडवेज बसें शहर के बीच से गुजरकर जाम का कारण बनती हैं और जब देर रात शहर की सड़कों पर सन्नाटा होता है, तो ये रोडवेज बसें शहर में न आकर बाईपास मार्ग से गुजर रही हैं।
नजीबाबाद निवासी संजीव कुमार, सारिका रानी आदि यात्रियों का कहना है कि वे गत दिनों हरिद्वार से नजीबाबाद पहुंचे, तो बस परिचालक ने रोडवेज बस को रोडवेज डिपो तक न ले जाने की बात कहकर उन्हें मालन नदी पुल के निकट बस से उतार दिया। उधर, हरचरन सिंह, ललित कुमार ने बताया कि उनका आवास लाइन पार होने के चलते उन्हें कोतवाली मार्ग पर बशीरपुर पुल पर उतार दिया गया। यात्रियों का कहना है कि संयोग से वे किसी घटना का शिकार नहीं हुए।
जहां-तहां उतारे जा रहे यात्री
नजीबाबाद। मालन नदी पुल से रोडवेज डिपो की दूरी डेढ़ किलोमीटर है। रोडवेज बस से यात्रियों को यहां उतारने के बाद आजाद चौक पर भी उतारा जाता है। आजाद चौक की रोडवेज डिपो से दूरी करीब 800 मीटर है। लाइन पार रहने वाले यात्रियों को बशीपुर नजर पुल पर उतारा जा रहा है। सभी स्थानों से देर रात घर पहुंचने का कोई वैकल्पिक साधन नहीं है। देर रात इन क्षेत्रों में घना अंधेरा और सन्नाटा रहता है। ऐसे में बस से उतारे जाने वाले यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहते हैं, के साथ किसी भी अनहोनी की आशंका है।
बोले आरएम मुरादाबाद
नजीबाबाद। यूपी रोडवेज परिवहन निगम के आरएम मुरादाबाद अतुल जैन ने बताया कि रोडवेज बसों को डिपो तक लेकर जाने का नियम है। यात्रियों को उतारकर बाईपास मार्गों से बसें गुजारना अनुचित है। उन्होंने ऐसा होने पर यात्रियों को टोल फ्री नंबर 18001802877 अथवा ई-मेल rmmbd@upsrtc.com पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय होने पर यात्री द्वारा रोडवेज डिपो पर पहुंचकर एआरएम के पास भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
अंधेरे और सुनसान क्षेत्रों में उतारे जा रहे यात्री
बाईपास मार्गों पर घटी घटनाओं से नहीं लिया सबक