अवैध पक्षियों के बाजार पर रोक की मांग
चांदपुर। पीपुल फोर एनीमल्स के जिला यूनिट प्रभारी ने एसडीएम को शिकायत कर सब्जी मंडी के पास लगने वाले बकरों व पक्षियों के अवैध बाजार पर रोक लगाने की मांग की है।
एसडीएम संगीता देवी को दिए पत्र में जिला यूनिट प्रभारी वीरेंद्र राजपूत ने कहा कि कुछ लोग सब्जी मंडी के पास बकरे व पक्षियों का बाजार लगवाते हैं तथा क्रेता, विक्रेता से 150 से 250 रुपये तक की वसूली करते हैं। इससे पालिका को राजस्व का लाभ भी नहीं होता है। पास में ही प्राथमिक विद्यालय सरकार द्वारा संचालित हैं जिससे बच्चें भी परेशान रहते हैं। शासन के नियमानुसार सब्जी मंडी, विद्यालय के पास पशु पक्षियों को खरीदा बेचा नहीं जा सकता है। बाजार लगाने की अनुमति जिलास्तर, तहसील स्तर व नगरपालिका स्तर से भी नहीं दी गई है। जिला यूनिट प्रभारी ने सप्ताह में मंगलवार व शुक्रवार को अवैध रूप से लगने वाले पशु पक्षियों के बाजार व अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।