राकिमसं ने की इंडेंट बढ़वाने की मांग
चांदपुर/जलीलपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने चीनी मिल के सीजीएम को ज्ञापन देकर किसानों का गन्ना भुगतान करने और इंडेंट बढ़ाने की मांग की है। 20 दिसंबर तक समस्या का समाधान न होने पर 21 से धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
मंगलवार को संगठन कार्यकर्ता चांदपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक टीएच ढाका से मिले और एक ज्ञापन दिया। जिसमें बाढ़ पीड़ित क्षेत्र दत्तियाना, जमालुद्दीनपुर, सुजातपुर खाद्र, स्रूूली, नेवला आदि के किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने और इंडेंट बढ़ाने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि बाढ़ पीड़ित क्षेत्र के किसानों की बाढ़ से फसल नष्ट हो गई थी। डीएम के बाढ़ पीड़ित क्षेत्र के दौरे के समय चीनी मिल प्रशासन ने बाढ़ पीड़ित किसानों का भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। चीनी मिल के नए सत्र का शुभारंभ हुए भी 20-22 दिन हो गए लेकिन अभी तक किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं हुआ है। इंडेंट भी बहुत कम दिया जा रहा है। जिससे किसानों की गेहूं की फसल की बुवाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने 20 दिसंबर तक समस्या का समाधान न होने पर 21 दिसंबर से जमालुद्दीनपुर मंदिर पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
संगठन ने गन्ना भुगतान शीघ्र कराने, एक हजार क्विंटल का प्रति गांव इंडेंट दिए जाने, ताकि गेहूं की बुवाई हो सके, बाढ़ पीड़ित किसानों को ब्याज सहित भुगतान करने, जिस किसान की लड़की की शादी हो उसका पूर्ण भुगतान तुरंत कराने की मांग की। इस दौरान निखिल त्यागी, महीपाल सिंह, देवेंद्र शर्मा, संजीव कुमार, मनोज कुमार शर्मा, वीर सिंह, बब्लू कुमार, सूरजभान सिंह, रईस अहमद, धीर सिंह, दुष्यंत कुमार, ईश्वर चंद्र, चंदन सिंह, अली हसन, शहजाद, अमित त्यागी, तरुण त्यागी, सुरेश आदि मौजूद रहे।