एक साल में 25 प्रतिशत बढ़ा राजस्व
बिजनौर। जीएसटी को आज एक साल पूरा हो जाएगा। जीएसटी लागू होने के बाद जिले को मिलने वाले टैक्स में काफी इजाफा हुआ है। जिले के व्यापारियों ने भी खुद को जीएसटी के अनुसार ढालना शुरू कर दिया है। अब जिले में जीएसटी से किसी को कोई दिक्कत नहीं है।
केंद्र सरकार ने सभी टैक्स को जीएसटी (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) में समाहित कर दिया है। जीएसटी में पांच अलग×अलग श्रेणी में टैक्स लगाया गया है। इस व्यवस्था में सब कुछ ऑनलाइन किया गया है। शुरूआत में सभी जगह जीएसटी का विरोध किया गया था। व्यापारियों ने खुद को जीएसटी की कार्यप्रणाली के मुताबिक न ढाल पाने की बात कही थी। लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद व्यापारी वर्ग को अनेक राहत दी गईं। रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा बढ़ाई गई। कई वस्तुओं के टैक्स में भी संशोधन किया गया। अब जीएसटी लागू हुए एक साल पूरा हो गया तो इसकी उपलब्धियां भी सामने आ रही हैं।
जीएसटी में जिले को मिलने वाले टैक्स में शुरूआती आठ महीनों में 25 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। जीएसटी लगने के बाद एक जुलाई से 28 फरवरी तक जिले को 401 करोड़ रुपये का टैक्स मिला है। जबकि जीएसटी लागू होने से पहले इस अवधि में जिले को 321 करोड़ रुपये का ही टैक्स मिला था। टैक्स में 25.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा अप्रैल में जीएसटी में काफी टैक्स जिले को मिला है। अप्रैल 2018 में जिले को 33.32 करोड़ रुपये का टैक्स मिला है। जबकि अप्रैल 2017 में जिले को 1.32 करोड़ रुपये का ही टैक्स मिला था।
व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन में 40 प्रतिशत की वृद्धि
जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स चोरी कर व्यापार करना मुश्किल हो गया है। जिले में व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन भी बढ़े हैं। व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। वेस्ट यूपी में कई शुगर मिल हैं। पहले चीनी पर टैक्स नहीं था। यूपी की चीनी यूपी में ही बिकने पर दो प्रतिशत एंट्री टैक्स लिया जाता था। लेकिन अब चीनी पर भी पांच प्रतिशत का टैक्स लगाया जा रहा है। इससे टैक्स में काफी इजाफा हुआ है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नगर अध्यक्ष सौरभ सिंघल के अनुसार जिले के व्यापारी अब जीएसटी में ढल गए हैं। सरकार द्वारा जीएसटी में काफी सहूलियत दी गई हैं। वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर कार्यपालक संजीव मोहन के अनुसार जिले में जीएसटी लगने के बाद टैक्स में इजाफा हुआ है। व्यापारी भी अब इसमें सहयोग कर रहे हैं।