धामपुर। एसडीएम आलोक कुमार यादव ने शनिवार को मुरादाबाद मार्ग स्थित आपूूर्ति विभाग के खाद्यान्न भंडार भवन में छापामारी की। इस दौरान अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान भंडार भवन में रखा खाद्यान्न अभिलेखों के अनुरूप सही मिला। कोई गड़बड़ी न मिलने पर विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
एसडीएम आलोक कुमार यादव ने शनिवार की दोपहर बाद आपूर्ति विभाग की टीम के साथ खाद्यान्न चेक करने को भंडार भवन पर पहुंचे। जून माह का आखिरी दिन होने के कारण भंडार भवन के बाहर डीलरों की लंबी लाइन लगी थी। एसडीएम को देख वहां पर मौजूद अन्य लोग इधर उधर हो गए। एसडीएम ने बताया कि उनके संज्ञान में लाया गया था कि कुछ लोग भंडार भवन के बाहर खाद्यान्न लेने आने वालों को परेशान करते है। उन्होंने अभिलेखों को तलब कर उनके अनुरूप भंडार में स्टाक की जांच की। सही पाने पर एसडीएम ने संतोष जताया। अधिकारियों को हिदायत दी कि वह सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें। जनता की सेवा करें। खाद्यान्न योजना का लाभ पात्रों को अवश्य मिलना चाहिए। जो भी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य नहीं करेगा और गड़बड़ी करता पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ त्वरित कार्य होगी।