धामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय कोषाध्यक्ष सुभाष चंद शर्मा ने कहा कि वित्त विहीन विद्यालयों में कार्यरत लगभग दो लाख शिक्षक पूर्णकालिक शिक्षक बनेंगे। संघ की मांग पर सरकार ने युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है।
जिले का भ्रमण करने के बाद बीएसए इंटर कालेज कादराबाद में सदस्यों की मीटिंग में सुभाष चंद शर्मा ने कहा कि इस मामले में संघ को प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने हरी झंडी दे दी है। साथ ही संघ की ओर से शिक्षा मंत्री को दो अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली , कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महिला शिक्षिकाओं को सीसीएल की सुविधा आदि समस्याओं से अवगत कराया गया है। शिक्षा मंत्री ने इन सभी मांगों को भी पूरा कराने का भरोसा दिया है। 24 अप्रैल को वित्त विहीन शिक्षकों को नियमित करने की दिशा में शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने कार्यवृत तैयार कर जारी कर दिया है। जिला मंत्री विनोद कुमार ने कहा कि संघ के प्रयासों से दो लाख अंशकालिक शिक्षकों के लिए नियमावली तैयार की जा रही है। वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता धारा 7 ( क) को बदलकर 7 (4) किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी ने जिले के सभी शिक्षकों को संगठित रहने की अपील की है। बैठक में लखवीर सिंह, हरविंदर सिंह, पुखराज सिंह, हर्ष कुमार, रितिराम सिंह, रामअवतार सिंह, प्रेमचंद , रोशन कुमार, राजकुमार आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुभाष गुप्ता और संचालन ललित कुमार ने किया।