नजीबाबाद । ग्रीन वैली और सत्यविहार कॉलोनी के नागरिकों ने क्षेत्र में ओडीएफ के अंतर्गत आबादी के बीच कूड़ाघर बनाए जाने का विरोध किया है। क्षेत्रवासियों की ओर से एसडीएम को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है।
ग्राम पंचायत तातारपुर लालू में ओडीएफ के अंर्तगत कूड़ाघर बनाया जा रहा है। ग्रीन वैली कॉलोनी और सत्यविहार के नागरिकों अनुज कुमार, ज्योति रानी, संगीता, राजेंद्र, माया, मुनेश देवी, विपिन ठाकुर ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर कूड़ाघर बनने से क्षेत्र का वातावरण दूषित होने की बात कही। क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर कूड़ाघर आबादी से दूर बनवाने की मांग की। उधर, ग्राम प्रधान मीनाक्षी त्यागी ने बताया की कूड़ा निस्तारण के लिए संयंत्र लगाया जा रहा है। संयंत्र पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है। ग्राम प्रधान का कहना है कि जिस स्थान पर संयंत्र लग रहा है वह ग्राम पंचायत में खाद के गड्ढों की भूमि है।