बिजनौर। गैस कनेक्शन दिलाने के बहाने एक युवती से आभूषण ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रिहान उर्फ मिन्जार के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से चोरी के आभूषण और बाइक बरामद की है।
एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी 50 सीसीटीवी कैमरों की 150 घंटे की फुटेज खंगालने के बाद हुई। चांदपुर के ईदरीश अहमद ने 27 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अनजान व्यक्ति ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया। वह ईदरीश और उनकी बेटी को गैस कनेक्शन दिलाने के बहाने बाइक पर ले गया। कुछ दूर जाकर उसने बेटी को उतार दिया और पिता को आगे ले गया। बाद में पिता को भी एक बहाने से छोड़कर वह युवती के पास लौटा। उसने युवती से गैस एजेंसी पर गारंटी के लिए आभूषण दिखाने को कहा। युवती से सोने के कुंडल और पेंडल लेकर वह बाइक सहित फरार हो गया था।
रिहान उर्फ मिन्जार संभल के ऐंचोड़ा कम्बोह का निवासी है। वह फिलहाल गाजियाबाद के पसौंडा, थाना टीला मोड़ में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।