बड़ौत। रक्षाबंधन पर्व पर परिवहन निगम ने वर्कशॉप पर खड़ी 15 बसों के संचालन का निर्णय लिया है, ताकि बहनों को सफर करने में दिक्कत न हो। फिलहाल बसों की मरम्मत का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। उधर, चालक-परिचालकों को भी संचालन के संबंध में निर्देशित किया गया है। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर्व को लेकर बसों में बहनों का सफर फ्री कर दिया है। बहनों को सफर के दौरान शून्य धनराशि का टिकट दिया है। सरकार ने रक्षाबंधन पर्व पर सफर के दौरान बहनों के परेशान होने पर कार्रवाई की हिदायत भी दी है, ऐसे में परिवहन विभाग के अधिकारी किसी भी कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहे हैं। आरएम से लेकर एआरएम बस संचालन को लेकर गंभीर हैं।
एआरएम हाकिम सिंह ने बस संचालन प्रभारी प्रमोद कुमार समेत अन्य कर्मचारियों व चालक-परिचालकों को निर्देशित किया है कि 18 अगस्त से 20 अगस्त तक संचालन में बिल्कुल भी ढिलाई न बरती जाए। इसको लेकर पहले ही चालक-परिचालकों की छुटि्टयां रद्द कर दी थीं। अब वर्कशाॅप में खड़ी 15 बसों का संचालन करने का भी निर्णय लिया गया है। बस संचालन प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी बसों की मरम्मत के बाद ट्रायल करा ली गई है। बसें सही है। अब सभी बसों को रक्षाबंधन पर्व के लिए संचालित किया जाएगा।