बिजनौर। मंडलायुक्त वैंकटेश्वर लू ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को पहुंचाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से अन्त्योदय व्यक्ति किसी भी हालत में जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को पहुंचाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से अन्त्योदय व्यक्ति किसी भी हालत में जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए।
मंडलायुक्त एक बैंक्वेट हॉल में स्वच्छता एवं सरकार की विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। कहा कि जीवन का रस और आनंद सेवाभाव से प्राप्त होता है। अपने दायित्वों का निर्वह्न पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने वालों के दिल में निश्चित रूप से सेवाभाव होता है। कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें निर्बल, असहाय, निर्धनों की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। अत: पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ पात्र व्यक्तियों को उनका अधिकार प्राप्त कराना हमारी सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं में है कि कोई भी व्यक्ति शासकीय कार्यालयों से मायूस न लौटे। किसी भी व्यक्ति की समस्या लंबित न रहें। न ही कोई पात्र व्यक्ति वांछित लाभ से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दंड और प्रोत्साहन की नीति बिना भेदभाव के अपनाएं और अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत करते हुए उनके कार्य की सराहना करें, वहीं दूसरी ओर अपने कर्तव्यों में शिथिलता और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को निश्चित रूप से दंडित भी किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभाग की कार्य योजना तैयार कर लें । योजनाबद्ध रूप से उसका क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें ताकि सभी कार्य पूर्ण मानक एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से संपंन हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि अपने दायित्वों को पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता एवं सेवाभाव के साथ अंजाम दें ताकि हर नागरिक विकास की धारा का स्वाद महसूस कर सके।
जिलाधिकारी जगतराज ने सभी अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देश दिये कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पूर्ण मानक और गुणवत्ता के साथ पहुंचाए। किसी के साथ भी भेदभाव न बरतें। कार्यक्रम का संचालन मुख्य विकास अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर डीआईजी ओंकार सिंह, पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट इन्द्रजीत सिंह के अलावा संबधित अधिकारी तथा जिले के सभी नगर पालिका अध्यक्ष, लेखपाल, आशाएं आदि अन्य कर्मचारीगण मौजूद थे।
मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को दिए निर्देेश