विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन, हंगामा
अफजलगढ़। गांव नावका उर्फ गोवर्धनपुर में डेढ़ वर्ष पहले लोहिया समग्र योजना के अंतर्गत बिजली लाइन के लिए लगे पोल पर तार न खींचे जाने पर गांववासियों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। उच्च अधिकारियों से शीघ्र विद्युत लाइन खींचे जाने की मांग की है। आरोप है कि पोल लगाने के बाद से निगम अधिकारियों ने गांव में वापिस आकर तक नहीं देखा। कार्य न होने पर एक्सईएन के घेराव की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले गांव में लोहिया समग्र योजना के अंतर्गत विद्युत लाइन के पोल लगाए गए थे। निगम ने तब पोल गाड़ दिए थे। लेकिन पोल पर विद्युत लाइन नहीं खींची गई। उधर, दक्षिण दिशा में दूर रखे ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ दी गई। अब उपभोक्ता डेढ़ सौ से दो सौ मीटर तक केबिल डालने पर मजबूर है। केबिल आए दिन टूट जाते हैं। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं किया है। ग्रामीणों ने लाइन में तार खींचकर ट्रांसफार्मर से आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। ग्रामीणों ने समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों में पूरन सिंह, महेश, राहुल, राजीव, अरविंद, बिट्टू, मुखराम, तरुण कुमार, छत्रपाल, मनोज, खड़ग सिंह, परवेंद्र सिंह, बंटी, हरकेश सिंह, बलवंत, अतुल, योगेंद्र, भूपेंद्र रहे। उधर, जेई रणजीत सिंह मौर्य ने का कहना है कि जिस कंपनी को कार्य करने के लिए दिया गया था। उसके पास मैटीरियल समाप्त हो गया है। शीघ्र ही मैटीरियल की व्यवस्था होते ही कार्य पूरा कराया जायेगा।