मंडल में बिजनौर की पुलिस लाइन रही अव्वल
बिजनौर। डीजीपी के निर्देश पर अफसरों की टीम ने मंडल के पांचों जिलों की पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। बिजनौर की पुलिस लाइन साफ सफाई व अन्य कार्यों में अव्वल रही। निरीक्षण करने आई अफसरों की टीम ने अपनी रिपोर्ट एडीजी बरेली को भेज दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की पुलिस लाइन का निरीक्षण किया था। पुलिस लाइन की दशा बेहद खराब मिली थी। उन्होंने सूबे की सभी पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के आला अफसरों को निर्देश दिए थे। मंडल के पांच जिले मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल व बिजनौर की पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के लिए रामपुर के एएसपी अरुण कुमार की अगुवाई में एक टीम गठित की गई थी। टीम में सीओ संभल सरोज सिंह, सीओ अमरोहा अजय कुमार, सीओ मुरादाबाद वीरपाल सिंह भी शामिल रहे। टीम ने पांचों जिलों की पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। बिजनौर की पुलिस लाइन का शुक्रवार की शाम निरीक्षण किया। साफ सफाई से लेकर आवासों का निर्माण आदि कई कार्य चकाचक मिले। बिजनौर की पुलिस लाइन मंडल को मंडल में प्रथम स्थन मिला है। जिले के अफसर इसे लेकर गदगद हैं। सीओ सिटी महेश कुमार के मुताबिक टीम ने अपनी रिपोर्ट एडीजी बरेली प्रेमप्रकाश को सौंप दी हैं।