एक अगस्त से घर-घर होगा गन्ना सर्वे का प्रदर्शन
बिजनौर। जिले में गन्ना सर्वे की सूचियों का प्रदर्शन एक अगस्त से शुरू होगा। गन्ना विभाग की टीम किसानों के घर-घर जाएंगी। इसके लिए टीमों का गठन हो गया है। किसानों से मौके पर मौजूद रहने को कहा गया हैं ।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार जिले में गन्ना रकबा और औसत पैदावार बढ़ी है। शासन ने आगामी पेराई सीजन के बारे में निर्देश दिए हैं। जिले में गन्ना सर्वे का काम पूरा हो गया है। एक अगस्त से 15 अगस्त तक सूचियों का प्रदर्शन होगा। नई व्यवस्था के अनुसार गन्ना विभाग की टीम हर गांव में किसानों के घर-घर जाएंगी। किसान द्वारा भरे गए घोषणा पत्र में अंकित रकबा आदि की जानकारी देंगी। यदि किसान कोई आपत्ति करता है तो उसका मौके पर ही निपटारा करेंगी। इससे सीजन के बीच में आने वाली परेशानियों से बचा जा सकेगा। किसान की फिजूल की भागदौड़ बचेगी। जिला गन्ना अधिकारी के मुताबिक गांवों में टीम के पहुंचने के दिन और समय की जानकारी देने के लिए गांवों में मुनादी कराने व प्रचार के निर्देश दे दिए गए हैं। निगरानी के लिए अधिकारी तैनात रहेंगे। कंट्रोल कक्ष को रोजाना सूचना दी जाएगी ।
चीनी मिलों को भेजे नोटिस
बिजनौर। जिले की बिजनौर और चांदपुर चीनी मिल में पेराई समय से शुरू होगी। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने लखनऊ से लौटकर बताया कि शासन ने साफ कर दिया है कि बिजनौर व चांदपुर चीनी मिलों में समय से पेराई शुरू होगी। मशीनों की मरम्मत शुरू कराने के लिए जिलाधिकारी की ओर से मिलों को नोटिस जारी हो गए हैं। दूसरा नोटिस भी जल्दी भेजा जाएगा। मिलों का सकारात्मक जवाब नहीं आने पर शासन अगली कार्रवाई शुरू कर देगा। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है ।