रोडवेज बस ने बाइक
सवार दंपति को रौंदा
- मां की गोद से गिरकर दो वर्षीय बालक बाल-बाल बचा
मंडावली/नजीबाबाद (बिजनौर)।
नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति को रौंद डाला। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि महिला की गोद से गिरा दो वर्षीय बालक बाल-बाल बच गया। घटनास्थल से चालक बस को भगा ले गया, जिसे पुलिस ने भागूवाला क्षेत्र में पकड़ लिया।
मंडावली थाने के पीछे रहने वाले राज मिस्त्री रामकुमार का युवा पुत्र मनोज पत्नी सीमा और दो वर्षीय पुत्र को लेकर बाइक से बृहस्पतिवार शाम नजीबाबाद के गांव अलीपुरा स्थित ससुराल जा रहा था। शाम करीब छह बजे थाने से चंद कदम पर नजीबाबाद से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस ने बाइक को रौंद दिया। इससे दंपति मनोज (25) व सीमा (23) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सीमा की गोद में बैठा दो वर्षीय पुत्र घटना के दौरान छिटककर दूर जा गिरा। इससे वह हादसे का शिकार होने से बच गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। उधर, चालक बस लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना पर हरिद्वार डिपो की इस बस को भागूवाला क्षेत्र में पकड़ लिया गया। मनोज के परिजनों को घटना की खबर मिली तो कोहराम मच गया। परिजन और क्षेत्रीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन थाना नजदीक होने के बावजूद सूचना देने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को रोडवेज चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक मौके पर काफी भीड़ जमा थी।