धामपुर। खांडसारी विभाग की ओर से क्षेत्र में अधिक से अधिक खांडसारी इकाई चालू कराने के लिए लाइसेंसधारकों इकाई को चालू कराने और खांडसारी इकाइयों के नवीन लाइसेंस बनवाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभाग के अधिकारी गांवों में जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें बता रहे हैं कि गांव का जो भी किसान या अन्य व्यक्ति खांडसारी इकाई को स्थापित करना चाहता है तो वे ऑनलाइन आवेदन कर लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। अब तक धामपुर व चांदपुर क्षेत्र में करीब 14 लोगों को नवीन लाइसेंस निर्गत किया जा चुका है।
सहायक चीनी आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि धामपुर सहायक चीनी आयुक्त के अधिकार क्षेत्र में धामपुर व चांदपुर तहसील क्षेत्र शामिल है। अब तक दोनों तहसीलों में करीब 120 खांडसारी इकाइयों के लाइसेंस थे, जो बढ़कर अब 134 हो गए हैं।
साढ़े सात किमी की परिधि के बाहर लगा सकते हैं खांडसारी इकाई
सहायक चीनी आयुक्त ने बताया कि सरकार ने इस बार खांडसारी इकाइयों को स्थापित करने में छूट दी गई है। पहले सरकार के आदेेश थे कि चीनी मिल से करीब 15 किमी दूर पर खांडसारी इकाई स्थापित हो सकती है। लेकिन अब इसे घटाकर साढ़े सात किमी कर दिया है। यदि कोई खांडसारी इकाई को स्थापित करना चाहता है तो वह चीनी मिल से साढ़े सात किमी की परिधि के बाहर स्थापित करने को विभाग से लाइसेंस प्राप्त कर सकता है।
सहायक चीनी आयुक्त का कहना है कि इस सत्र में अब तक धामपुर और चांदपुर में 20 इकाइयां चालू हो चुकी है। करीब दस इकाई और जल्द चालू होने की सप्ताह भर में संभावना है। उन्होंने कहा कि इस बार खांडसारी इकाइयों के ज्यादा चलने से किसानों को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है। इससे चीनी मिलों की मनमानी पर भी रोक लगेगी। पिछले साल धामपुर और चांदपुर क्षेत्र में केवल 18 खांडसारी इकाई ही चल सकीं थी।
कई लोग हैं लाइसेंस लेने की लाइन में
खांडसारी निरीक्षक सीता शुक्ला ने बताया कि लोग विभाग की नई खांडसारी नीति से प्रभावित होकर नवीन लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे है। अब तक 14 लोगों को लाइसेंस दिए जा चुके हैं। कई लोग अभी लाइसेंस लेने की लाइन में लगे हैं।