रेहड़। रेहड़ सहित कई गांवों में गुलदार का आंतक बना है। ग्रामीण इसके आतंक से खौफजदा है। ग्रामीण अशोक कुमार, मनोज कुमार, हेमंत कुमार ने बताया कि गांव उदयपुर में बृहस्पतिवार की देर शाम गुलदार का जोड़ा शिकार की तलाश में आबादी में घुस गया। कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों में जाग हो गई। गुलदार का जोड़ा आबादी में होने पर दर्जनों ग्रामीण लाठी डंडे लेकर शोर मचाते हुए पीछे भागे। इसी दौरान एक गुलदार गांव के पश्चिम दिशा की ओर बलवीर सिंह के खेत में लगी फेसिंग में फंस गया। फेंसिंग में फंसने से वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। वनकर्मी श्यामलाल यादव, डिग्गी सिंह, जयदेव सिंह ने गुलदार को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान गुलदार फेसिंग से निकल कर जंगल की ओर भाग गया। ग्राम प्रधान बाबू अंसारी, रवि शर्मा, देवेंद्र सिंह, ठकरी सिंह, बाहीद हुसैन का कहना कि वन्यजीवों के आतंक से किसान खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वन दरोगा श्यामलाल यादव का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था। लेकिन वह प्रयास भी सफल नहीं हो सका है। शीघ्र ही गुलदार को पकड़ जंगल में छोड़ने का प्रयास होगा।
गुलदार ने किया पशुओं पर हमला
बढ़ापुर। ग्राम बासोवाला निवासी पवन सैनी का गांव में ही सड़क किनारे मकान है। उसने मकान के पास ही पशुशाला भी है। रात में किसी समय गुलदार ने पशु शाला में घुंस गया। इस बीच उसने पशुओं पर हमला कर दिया। हालांकि जाग होने पर गुलदार वहां से भाग गया। ग्रामीणों में रामपाल सिंह, शिव कुमार, रविंद्र कुमार, जगपाल सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि रात में गुलदार शिकार की तलाश में आ जाता है। कई बार वन विभाग से शिकायत की गई है लेकिन समाधान नहीं हुआ है।