उप लोकायुक्त टीम ने बयान दर्ज किए
बिजनौर। उप लोकायुक्त टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को अनुसेवक, पराग डेयरी के अधिकारियों के बयान दर्ज किए। जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला महामंत्री की शिकायत पर टीम मंगलवार दोपहर बिजनौर आई थी।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला महामंत्री हिमांशु भारद्वाज ने करीब चार साल पहले उप लोकायुक्त लखनऊ में शिकायत की थी कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग बिजनौर में तैनात अनुसेवक भगीरथ सिंह पर आय से अधिक संपत्ति है। हिमांशु भारद्वाज का आरोप है कि उन्होंने अपनी आय से भी अधिक जमीन खरीद रखी है। उन्होंने शिकायत में अनुसेवक भगीरथ की जमीन के बैनामे भी लगाए हैं।
इस मामले में मंगलवार शाम उप लोकायुक्त की टीम ने उनके बयान दर्ज किए हैं। सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर बुधवार को जांच टीम के सदस्य डीएसपी राहुल रूसीया और सहायक जावेद ने अनुसेवक भगीरथ, पराग डेयरी के अधिकारियों के बयान दर्ज किए। इस दौरान डीआई आशुतोष मिश्रा भी वहां मौजूद रहे। अनुसेवक भगीरथ सिंह एक अन्य मामले में सस्पेंड चल रहे हैं। अनुसेवक भगीरथ ने बताया कि बुधवार को टीम ने उनके बयान दर्ज किए हैं। जब उनकी शिकायत उप लोकायुक्त से की गई थी तो जवाब दे दिया गया था।