बिजनौर जिला अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाता किशोर।
- फोटो : BIJNOR
जिले में 1290 किशोरों को लगा सुरक्षा का टीका
बिजनौर। जिले में सोमवार से 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण शुरू किया गया। टीकाकरण कराने के लिए किशोर समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे। कुछ किशोर तो कोचिंग करने के लिए आए और टीका लगवाकर घर चले गए। उन्होंने की साथियों का भी टीकाकरण कराने की बात कही। जिले कुल 3300 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 1290 किशोरों को ही टीका लगा। जिले में 2.58 लाख किशोरों को कोरोनारोधी टीका लगना है।
किशोरों के टीकाकरण के लिए जिले में 33 सत्र लगाए गए। हर सत्र में 100-100 किशोरों को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया था। सत्र में सुबह से ही किशोर टीकाकरण कराने के लिए आने लगे। काफी किशोरों ने पहले ही ऑनलाइन स्लॉट बुक कर रखा था, तो कुछ ने केंद्र पर भी हाथोंहाथ पंजीकरण कराया। नियमित टीकाकरण करने के लिए लगाए गए सत्र में जहां कई जगह इक्का दुक्का लोक भी नहीं पहुंचे थे, वहीं 15 से 18 साल के लिए लगाए गए सत्र में सुबह से ही किशोर आने लगे। सभी को केवल कोवैक्सीन की डोज ही लगाई गई। जिला अस्पताल में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में लगाए गए सत्र में साढ़े दस बजे तक ही 20 किशोरों ने टीकाकरण करा लिया था।
युवाओं ने टीकाकरण में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और एक दूसरे के साथ सेल्फी भी ली। मंडावर के कक्षा 11 के छात्र रितिक ने बताया कि वह कोचिंग के लिए आया था, यहां टीकाकरण करा लिया और टीकाकरण करा घर चला जाएगा। बिजनौर निवासी मंजुल, प्रियांशु और नमन ने भी टीकाकरण शुरू होने के एक घंटे के अंदर ही टीका लगवा लिया था। उन्होंने बताया कि उनके घर में पहले ही सभी ने टीकाकरण करा लिया था। परिजनों ने उन्हें पहले ही टीकाकरण कराने के लिए याद दिला दिया था। सभी अपने साथ आधार कार्ड लेकर आए थे। नजीबाबाद निवासी अभय ने बताया कि वह अपने कॉलेज आया था। कॉलेज में जाने से पहले टीकाकरण करा लिया। अब कॉलेज में जाकर दोस्तों को अपने फोटो दिखाएगा और उन्हें भी टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करेेगा।