रेहड़ के अमानगढ़ में मृत पड़ा हाथी।
- फोटो : BIJNOR
भूखा रहने के कारण हुई हाथी की मौत, मुंह में था फोड़ा
रेहड़ (बिजनौर)। अमानगढ़ रेंज में दो दिन पहले बीमार मिले हाथी की मौत हो गई। हाथी के जबड़े में नीचे की ओर फोड़ा हो गया था, जिसकी वजह से वह कई दिन से खाने पीने में असमर्थ हो गया था। संक्रमण और भूख-प्यास से आई कमजोरी की वजह से हाथी की मौत हो गई।
अमानगढ़ रेंज के कक्ष संख्या 21 में दो दिन पहले एक बीमार हाथी पड़ा मिला था। अधिकारियों की देखरेख में हाथी का उपचार शुरू किया गया। उपचार के बाद भी रविवार रात हाथी की मौत हो गई। हाथी की मौत की सूचना मिलते ही वन संरक्षक मुरादाबाद विजय कुमार सिंह, डीएफओ अनिल पटेल, एसडीओ हरि सिंह आदि मौके पर पहुंचे। रेंजर राकेश शर्मा के अनुसार आईवीआरआई बरेली से डॉ. काली कलन, पीलीभीत टाइगर रिजर्व से डॉ. दक्ष गंगवार तथा पशु चिकित्साधिकारी धामपुर अनिल कुमार शर्मा की टीम ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया। चिकित्सकों के अनुसार हाथी की आयु दस से बारह वर्ष है और उसके सभी अंग सुरक्षित मिले। बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
पोस्टमार्टम में हाथी का पेट लगभग पूरी तरह खाली मिला। उसने कई दिन से कुछ भी खाया पीया नहीं था। जांच में सामने आया कि उसके जबड़े में नीचे की ओर फोड़ा हो गया था और फोड़े में मवाद भी पड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि फोड़े की वजह से हाथी कई दिन से कुछ खा पी नहीं रहा था और इसी कमजोरी की वजह से उसकी मौत हो गई। डीएफओ अनिल पटेल ने हाथी के जबड़े में मवाद का फोड़ा मिलने की पुष्टि की है।