नई बस्ती भुड्डी में जलभराव, ग्रामीण परेशान
मंडावली (बिजनौर)। नई बस्ती भुड्डी में बरसात के पानी की निकासी न होने से कई घरों में भरा दो से तीन फीट पानी । ग्रामीणों ने रोष व्याप्त कर की प्रशासन से जल निकासी की मांग ।
ग्राम पंचायत मिर्जापुर सैद उर्फ नई बस्ती भुड्डी के ग्रामीणों का वर्षा के जल भराव से बुरा हाल है। बस्ती में बरसात के पानी की जल निकासी न होने से घरों में दो से तीन फीट पानी भरा है। ग्रामीणों का घरेलू सामान जलभराव से बर्बाद होने से उन्हें जरूरत की वस्तुओं के लिए परेशानी उठनी पड़ रही है। ग्रामीणों को घरों से आवागमन के लिए बांस की सीढ़ी के सहारे जोखिम उठकर जलभराव से गुजरना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को जलभराव पार करने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। ग्रामीणों मो.साबू, इल्यास, मो.हनीफ, मो.अब्दुल, मो.समीर, मो.साजिद, भूरा, खुर्शीद का कहना है कि हर वर्ष मानसूनी वर्षा होने पर बस्ती में जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है। अधिक जलभराव होने पर स्कूली बच्चों को कई दिनों तक स्कूल जाने से रोकना पड़ता है। समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान व खंड विकास कार्यालय का अवगत कराया गया। अधिकारी बरसात के बाद जल निकासी की समस्या का तर्क देकर आश्वासन तो देते है लेकिन बरसात खत्म होने पर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं देता। ग्राम प्रधान मो. युसूफ उर्फ भोलू ठेकेदार का कहना है कि नई बस्ती काफी गहराई में बसी है। उन्होंने बस्ती की जल निकासी के लिए प्रशासन से मांग की है। जल जल्द ही जल निकासी के लिए ठोस कदम उठाया जाएगा।