अमरोहा। जल निगम द्वारा पाइप लाइन दुरुस्त करने के बाद से सड़क पर मिट़्टी पड़े होने के कारण टीपी नगर चौराहे वाहनों का आवागमन प्रभावित होने से जाम की स्थिति बनी गई। जिससे शुक्रवार को टीपी नगर चौराहा दिनभर जाम से जूझता रहा। भीषण गर्मी में जाम में फंसे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं राहगीर सरकार की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए।
शुक्रवार को दिन निकलते ही टीपी नगर चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया। चौराहे पर पूरे दिन जाम के हालात रहे। हालात इतने विकट हुए कि सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। जोया, बिजानौर और स्टेशन रोड की दिशाओं के आने वाले वाहनों के पहिये थम गए। जिससे दिनभर वाहन रेंगते रहे। जाम खुलवाने के लिए यातायात कर्मी दिनभर कड़ी मशक्कत करते रहे। जाम में स्कूली वाहनों के फंसने से बच्चों के परेशानियों को समाना करना पड़ा। राहगीर दीपांशु ने बताया कि टीपी नगर चौराहे पर लगने वाला जाम जी का जंजाल बन चुका है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।