कालागढ़-कोटद्वार मार्ग पर यातायात आज से बंद
कालागढ़ (बिजनौर)। मानसून के आगमन और यात्री व वन्यजीव सुरक्षा कारणों से कालागढ़-कोटद्वार मार्ग पर यातायात 16 जून से बंद कर दिया जाएगा। अब गढ़वाल और कुमायूं जाने के लिए वाहनों को कोटद्वार से नजीबाबाद, धामपुर, अफजगढ़, काशीपुर होकर जाना होगा।
उत्तराखंड के प्राचीन सामरिक महत्व के मार्ग को कालागढ़ से कोटद्वार के लिए आज से बंद किया जा हा है। अब यहां से होकर जाने वाली कोटद्वार बस सेवा भी धामपुर, नजीबाबाद होकर जाएगी। इसके अलावा प्राइवेट कारों आदि के आवागमन पर भी वन विभाग ने रोक लगा दी है। इस बारे में डीएफओ एके त्रिपाठी का कहना है कि बरसात के दौरान मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क नष्ट हो जाती है। ऐसे में यात्रियों व वन्यजीवों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो जाता है। इसलिए आवागमन नवंबर माह तक बंद किया जा रहा है। इस दौरान इस मार्ग का उपयोग केवल वन सुरक्षा के कार्यों को लेकर ही किया जाएगा।
यात्रियों को होगी परेशानी
कोटद्वार-कालागढ़ रामनगर मोटरमार्ग पर वन विभाग के अधिनियमों के लागू होने से इस मार्ग को वन विभाग केवल नवंबर से 15 जून तक ही खोलता है। इस दौरान इस मार्ग पर कालागढ़ से कोटद्वार, रामनगर के लिए बस सेवा संचालित होती है। इस मार्ग पर कोटद्वार से कालागढ़ रामनगर के लिए कार आदि के आवागमन की भी अनुमति दी जाती है। मानसून के दौरान इस मार्ग को वन विभाग बंद कर देता है। जिससे यात्रियों को कालागढ़ से रामनगर व कोटद्वार की 45 किमी की दूरी को तय करने के स्थान पर 100 से 120 किमी की दूरी तय कर गंतव्य को जाना होता है। सबसे अधिक समस्या तो कालागढ़ से कोटद्वार, रामनगर मोटरमार्ग पर स्थित गांवों की जनता को होती है। उन्हें यात्रा के लिए रामनगर या कोटद्वार जाना होता है।