हीमपुरदीपा। गांव पुट्ठा में धर्मस्थल पर बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजने की शिकायत पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने कोई नई परंपरा शुरू न होने देने की बात कहते हुए धर्मस्थल से लाउडस्पीकर उतरवा दिया गया। इस मामले में एकपक्ष ने प्रशासन पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
हीमपुरदीपा थाने के गांव पुट्ठा के लोगों ने बताया कि धर्मस्थल पर पहले लाउडस्पीकर नहीं लगा था, लेकिन कुछ दिनों से धर्मस्थल पर लाउडस्पीकर बज रहा है। गांव वालों ने आरोप लगाया था कि बिना अनुमति के लाउडस्पीकर बजाकर नई परंपरा शुरू करने की कोशिश की जा रही है। बुधवार को तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह पुलिस व राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के गांव वालों को बुलाया। तहसीलदार ने कहा कि बिना अनुमति के कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। किसी भी धार्मिक स्थल पर बिना अनुमति के लाउडस्पीकर नहीं बजेगा। धर्मस्थल पर लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति न होने पर टीम ने उसे उतरवा दिया। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों का आरोप है की गांव में और भी लाउडस्पीकर बिना अनुमति के बज रहे हैं। उन्हें नहीं उतरवाया गया है। पुलिस और प्रशासन ने एक पक्षीय कार्रवाई की है। इस संबंध में वे डीएम से मिलकर शिकायत करेंगे।