अमर उजाला ब्यूरो
वेबसाइट पर लोड अधिक होने से नहीं जमा हो पा रही फीस
फोटो 01
बिजनौर । डाकघरों में वेबसाइट पर लोड अधिक होने के कारण ग्रामीण डाक सेवक भर्ती की फीस जमा नहीं होने से आवेदक परेशान है। 29 नवंबर फीस जमा करने की अंतिम तिथि है। कई घंटे लाइन में खड़े होने के बाद भी उनकी फीस जमा नहीं हो पा रही हैं।
डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक की भर्ती निकाली थी। जिसमें आवेदक को रजिस्ट्रेशन कराकर ऑनलाइन फार्म भरकर डाकघरों में ऑनलाइन की फीस जमा करनी थी। अधिक आवेदन को देखते हुए डाक विभाग ने इसके लिए मुख्य डाकघर बिजनौर और धामपुर के साथ उप डाकघर चांदपुर, नजीबाबाद, नहटौर, स्योहारा, किरतपुर, नगीना में भी फीस जमा करने के लिए काउंटर बनाया गया था, लेकिन वेबसाइट पर लोड अधिक होने के कारण आवेदकों को भारी परेशानी हो रही है। नूरपुर के आवेदक अंकित, अनुज, झालू के शहबाज और सब्दलपुर खुर्द के बंटी का कहना है कि कही भी डाकघरों में फीस जमा हो रही है सभी जगह ऐसा ही हाल हैं। घंटों लाइन में खड़े में रहने के बाद भी फीस जमा नही हो पा रही है। आवेदकों का कहना है कि बुधवार को फीस जमा करने की अंतिम तिथि है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
पीएमओ के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर तारीख बढ़ाने की मांग
नूरपुर के आवेदक अनुज कुमार ने बताया कि उन्होंने मंगलवार की सुबह ही परेशानी का देखते हुए पीएमओ के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। ताकि किसी भी तरह फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ सके और आवेदक आराम से फीस जमा कर सके। इसके अलावा उन्होंने पीएमओ के फोन पर कॉल भी की है। मुख्य डाक अधीक्षक एससी वर्मा ने बताया कि यह दिक्कत बिजनौर के साथ सभी जिलों में है। उच्चाधिकारियों को परेशानी से अवगत करा दिया गया हैं। अभी फिलहाल अंतिम तारीख बढ़ाने का कोई निर्देश नहीं मिला है।