नजीबाबाद। सेतु निगम को डबल फाटक फ्लाईओवर निर्माण के लिए खेत से मिट्टी उठाने की अनुमति मिली तो अब उच्च क्षमता की विद्युत लाइन मिट्टी भरान में बाधक बन गई। विद्युत निगम ने ठेकेदार को तत्काल फ्लाईओवर के ऊपर से लाइन हटाने केेे निर्देश दिए हैं।
सेतु निगम के एई आरडीएस गुर्जर ने बुधवार को विद्युत निगम से बिहारी का तिराहा क्षेत्र में फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन हटाने को कहा। फ्लाईओवर को कोतवाली-कोटद्वार संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए मिट्टी का भराव किया जाना है। मिट्टी डालने के लिए लंबी प्रक्रिया के बाद सेतु निगम को खेत से मिट्टी निकालने की प्रशासन ने मंगलवार को एनओसी दे दी। मगर, अब उच्च क्षमता की विद्युत लाइन फ्लाईओवर और संपर्क मार्ग के बीच मिट्टी भराव कार्य में बाधक बन गई है। सेतु निगम के एई ने विद्युत लाइन हटाने के बारे में विद्युत निगम से संपर्क किया तो निगम के ठेकेदार ने दो दिन के भीतर फ्लाईओवर से विद्युत लाइन शिफ्ट करने का आश्वासन दिया।