कर कम होने के बाद भी राजस्व में हुआ 25 प्रतिशत इजाफा
बिजनौर। जीएसटी लागू होने के पहले ही महीने में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पहले ही महीने में राज्य कर में काफी बढ़ोतरी हुई है। जिले में हर महीने जहां औसतन 12 करोड़ का टैक्स मिलता था, जीएसटी लागू होने के बाद पहले महीने में 16 करोड़ टैक्स मिला है। टैक्स में 25 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
केंद्र सरकार ने जीएसटी को पारित कर कई करों को एक कर दिया है। अब पूरे देश में एक ही कर लागू है तथा सभी वस्तुओं के समान रेट हैं। जीएसटी में टैक्स में कमी की गई है। पहले अधिकतम टैक्स 40 प्रतिशत था। इसे जीएसटी में घटाकर 28 प्रतिशत किया गया है। जिले के 90 प्रतिशत से अधिक व्यापारियों ने जीएसटी में पंजीकरण करा लिया है। जीएसटी लागू होने से पहले जिले को हर महीने औसतन 12 करोड़ रुपये का टैक्स मिलता था, लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स में बढ़ोतरी हुई है। जुलाई में जिले का टैक्स का लक्ष्य 12.5 करोड़ था, लेकिन जिले को 16 करोड़ का राजस्व मिला है। यानि टैक्स में करीब 25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। टैक्स में बढ़ोतरी होने से विभागीय अधिकारी गदगद हैं। वे इसे व्यापारियों के सहयोग तथा विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम मान रहे हैं। राज्य कर डिप्टी कमिश्नर धनीराम के अनुसार जुलाई में टैक्स में करीब 25 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। टैक्स अभी और बढ़ने का अनुमान है।