धामपुर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर मेन बाजार को सील करते पालिका कर्मी।
- फोटो : DHAMPUR
आठ वर्षीय बालिका समेत 12 और निकले कोरोना संक्रमित
कुल कोरोना पॉजिटिव मरीज हुए 397, ठीक होकर घर लौटे 289, छह की हुई मौत, एक्टिव पॉजिटिव केस हो गए हैं 106
बिजनौर। जिले में आठ साल की बालिका समेत 12 और लोग कोरोना संक्रमित निकले। इन सभी के सैंपल आठ जुलाई को जांच के लिए नोएडा की प्रयोगशाला में भेजे गए थे। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में 12 पॉजिटिव निकले। नए मरीजों में नहटौर के चार, नूरपुर चांदपुर, धामपुर क्षेत्र के दो-दो मरीज शामिल हैं।
जनपद में लगातार कोरोना की रफ्तार बढ़ रही है। जुलाई माह में हर रोज कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। नए मरीजों को मिलाकर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 397 हो गई है। अब तक छह लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा है, जबकि 289 कोरोना को मात भी दे चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 106 हो गए हैं। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव के अनुसार आठ जुलाई को जिले से 430 सैंपल भेजे गए थे। इनमें 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव और 418 की नेगेटिव आई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव नावका निवासी 27 और 22 साल के युवक, धामपुर के मोहल्ला साहूवान के रहने वाला 32 वर्षीय युवक और 29 वर्षीय युवती, नहटौर थाना क्षेत्र के गांव खदाना निवासी 45 साल की महिला, नहटौर के मोहल्ला जोशियान निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति, आठ साल की बालिका, 25 वर्षीय युवती, एक्सिस बैंक चांदपुर के 44 और 25 साल के कर्मचारी तथा नूरपुर के मोहल्ला शहीद नगर निवासी 44 वर्षीय महिला और 19 साल का युवक शामिल है। इन 12 के अलावा अन्य 418 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।