बिजनौर। एक किसान ने बसपा के पूर्व विधायक पर उसकी जमीन कब्जाने के लिए फसल जोतने और परिजनों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग के लिए किसान अपने परिवार के साथ कलक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर बैठ गया है।
थाना मंडावली के गांव राहतपुर खुर्द निवासी बाबूराम ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से है। आरोप है कि पूर्व विधायकउसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। जमीन पर उसके पिता की 26 साल पुरानी समाधि बनी है। यह मामला चकबंदी के बंदोबस्त अधिकारी के यहां विचाराधीन है। मुकदमा अपने पक्ष में कराने व उसे जान से मरवाने की धमकी दी है। बाबूराम के अनुसार 15 दिसंबर को विधायक ने अपने बेटों व साथियों के साथ उसके खेत में गेहूं की फसल जोत दी। विरोध करने पर उससे, उसकी पत्नी व बेटी से अभद्रता व मारपीट की व जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। सभी आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक वे हड़ताल पर रहेंगे।