बिना अनुमति बांध एरिया में पहुंचे वाहन
कालागढ़। रामगंगा बांध परियोजना के मुख्य बांध और सैंडिल बांध पर बिना अनुमति वाहनों के ले जाने पर स्थानीय जनता ने सुरक्षा बैरियर पर रोष जताया। बांध एरिया में अनुमति खोले जाने की मांग की है।
रविवार को दोपहर रामगंगा बांध परियोजना के मुख्य बांध व सैंडिल बांध एरिया में दो निजी वाहनों के जाने पर जनता ने तीखी आपत्ति जताई। साथ ही बड़ी संख्या में पुराना कालागढ़ के नागरिक सुरक्षा बैरियर पर पहुंच गए। बैरियर पर तैनात सुरक्षक राजीव ने बताया कि किसी भी वाहन को रजिस्टर पर अंकित नहीं कराया गया है। विभाग के अधिकारी बांध पर गए हैं। जिस पर बैरियर खोला गया। उधर, जैसे ही जनता के बैरियर पर पहुंचने की सूचना अधिकारियों को मिली तो दोनों वाहन चुपचाप सैंडिल बांध तिराहा बैरियर से बच निकलने में कामयाब हो गए। विनोद धारियावाल, महबूब अली, शमशुद्दीन, फय्याज, आरिफ, मोनू, डॉ. विकास, अमित कुमार आदि का कहना है कि कालागढ़ में भ्रमण के लिए दो ही बांध हैं, इसके अलावा कुछ भी नहीं है। सरकारी अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। बांध पर आम नागरिकों के आने जाने पर रोक है। वहीं, बांध पर अधिकारी निजी वाहनों से अपने रिश्तेदारों को भ्रमण करा रहे हैं। जबकि बांध पर केवल सरकारी वाहन ही आ जा सकते है। जब इस तरह से अधिकारी बांध पर जा सकते हैं, तो आम जनता को भी बांध पर जाने की अनुमति खोली जाए।
जेई से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण : ईई
बांध के ईई शेर सिंह का कहना है कि बांध एरिया में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सुरक्षा कारणों से रोक है। जानकारी मिली है कि बांध पर विभागीय जेई गगनदीप सिंह गए हैं। यदि वह अपने साथ कोई अन्य वाहन या किसी को भी भ्रमण के लिए लेकर गए है, तो उनका स्पष्टीकरण लिया जाएगा।