बिजनौर । पीएम ने अपनी मन की बात में ‘स्वच्छता ही सेवा’ वृहद अभियान को शुरू करने का आह्वान किया था। अभियान 15 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा। जिले की ग्राम पंचायतों को अभियान के निर्देश भेज दिए गए हैं।
स्वच्छता भारत मिशन निदेशक विजय किरण आनंद की ओर से भेजे गए निर्देशों का हवाला देते हुए सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि पीएम ने 27 अगस्त के मन की बात कार्यक्रम में गांधी जयंती से 15 दिन पूर्व से ‘स्वच्छता ही सेवा’ वृहद अभियान प्रारंभ करने का आह्वान किया था। अभियान का शुभारंभ राष्ट्रपति 15 सितंबर से कानपुर नगर से करेंगे। जिले की 1128 ग्राम पंचायतों में अभियान को घर-घर पहुंचाने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है। मंत्री ,विधायक सांसद ग्राम पंचायतों में अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सीडीओ के मुताबिक 17 सितंबर को विशेष साफ -सफाई और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन होगा। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं को शामिल करके गांव में स्वच्छता यात्रा निकाली जाएगी। विद्यालयों में सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता रथ भ्रमण के लिए चलेगा। सीडीओ के अनुसार ग्राम पंचायतों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि ग्राम सभा की खुली बैठक करके अभियान को सफल बनाने में कोई कमी नही रहे। डीपीआरओ मनीष कुमार मौजूद रहे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्रामों में चलेगा विशेष अभियान
बिजनौर (ब्यूरो)। सीडीओ के मुताबिक शासन के आदेशों के अनुसार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्रामों में 15 सितंबर से दो अक्तूबर तक उनके सम्मान में सेनानियों या परिजनों के नेतृत्व में विशेष आयोजन होंगे। पवित्र एवं प्रतिष्ठित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा।